न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने बड़ी राहत दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और बुकिंग के 3 से 4 दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुँच रहा है। ऐसे में एजेंसियों पर भीड़ लगाने की कतई जरूरत नहीं है।
घर बैठे निपटाएं केवाईसी का काम
मंत्री ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केवाईसी (KYC) प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया गया है। अब किसी को भी गैस एजेंसी के चक्कर नहीं काटने होंगे। लोग अपने मोबाइल पर 'इंडियन ऑयल वन', 'हेलो बीपीसीएल' या 'एचपी पे' ऐप के जरिए घर बैठे अपनी केवाईसी अपडेट कर सकते हैं।
कालाबाजारी करने वालों पर नकेल
गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और गलत तरीके से भंडारण (स्टॉकिंग) के खिलाफ पूरे राज्य में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 25,560 जगहों पर जांच की गई है, जिसमें 1,662 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। साथ ही, नियम तोड़ने वाले 114 लोगों पर एफआईआर (FIR) भी दर्ज की गई है। सरकार ने आम लोगों की मदद के लिए एक राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर रखा है।
पीएनजी कनेक्शन की रफ्तार बढ़ी
राज्य में पाइपलाइन से गैस (PNG) पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। मंत्री ने बताया कि मार्च 2026 तक पीएनजी कनेक्शन की रफ्तार 8,000 प्रति माह तक पहुंच गई है। फिलहाल 17 जिलों में पाइपलाइन से गैस आपूर्ति हो रही है और करीब 99,346 घरों में कनेक्शन चालू हो चुके हैं।
गेहूं-मसूर की सरकारी खरीद शुरू
धान की बंपर खरीद के बाद अब गेहूं और मसूर की बारी है। मंत्री ने जानकारी दी कि 1 अप्रैल 2026 से राज्य के सभी जिलों में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। इसके अलावा, मसूर की खरीद भी 10 अप्रैल से शुरू होकर 31 मई तक चलेगी। विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि शादी-विवाह के सीजन में गैस सिलेंडरों की कमी न हो और प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के छोटे रसोई गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।