इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले में जमीन को लेकर चल रहे विवाद अब लगातार हिंसक घटनाओं में बदलते जा रहे हैं. ताजा मामला डरहार थाना क्षेत्र के बकुनिया पंचायत वार्ड नंबर 12 से सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में दो बीघा जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. गुरुवार को भैंस धोने के दौरान पानी सड़क पर फैल जाने से कीचड़ हो गया. इसी दौरान सिंघेश्वर यादव घर लौट रहे थे और फिसलकर गिर पड़े. इस बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद गांव के ही पंकज यादव, धीरज यादव सहित अन्य लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान सिंघेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले किरतपुर ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर पटना रेफर किया गया. इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है. मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. जिले में लगातार बढ़ते जमीन विवाद और उससे जुड़ी हिंसक घटनाएं प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं.
यह भी पढ़ें: रास्ता बिना कैसे बना स्कूल! सहरसा के सत्तर कटैया में खेत-जंगल के बीच फंसा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजलपुर