न्यूज11 भारत
लखीसराय/डेस्क: नगर परिषद लखीसराय के बजट को लेकर सशक्त स्थायी समिति की बैठक सभापति अरविंद पासवान की अध्यक्षता में संपन्न हुई. वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित बैठक में लखीसराय शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए कुल 2 अरब 2 करोड़ 50 लाख 10 हजार रुपये का वार्षिक बजट पारित किया गया.
बैठक में प्रस्तुत बजट पर विस्तृत चर्चा हुई. सदस्यों ने शहर में जलजमाव की समस्या को प्रमुख मुद्दा मानते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया. साथ ही पूरे शहर में नल-जल योजना के सुचारु संचालन और विस्तार पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया.
उपसभापति शिवशंकर राम ने कहा कि पारित बजट से आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया जाएगा. सभापति ने भी भरोसा दिलाया कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ किया जाएगा, ताकि लखीसराय को स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके.
बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सुरेन्द्र मंडल एवं नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: भागलपुर में 700 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई