न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
धीरज कुमार सिंह / जमुई : जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के जरीजोर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और रिश्तों को गहरे स्तर पर झकझोर दिया है। जिस घर में दामाद को बेटे जैसा सम्मान दिया जाता है, उसी घर में एक दामाद ने अपने ही ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय, मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
घटना स्थल पर पुलिस।
हाईलाइट्स :
- जमुई के झाझा थाना क्षेत्र के जरीजोर गांव में सनसनीखेज हत्या
- शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर दामाद ने ससुर की हत्या की
- पहले पत्नी के साथ मारपीट, बचाने आए ससुर पर किया हमला
- शादी के लिए रखे 10 हजार रुपये को लेकर हुआ विवाद
- मौके पर ही ससुर की मौत, गांव में मातम और आक्रोश
- पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी, आरोपी फरार
शराब के लिए पैसों की मांग बनी हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे आरोपी मन्नू नैया अपनी पत्नी के घर पहुंचा। वह शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। लेकिन घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब थी और परिवार ने कुछ पैसे बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखे थे। ऐसे में उसकी पत्नी ने रुपये देने से इनकार कर दिया, जिससे आरोपी गुस्से में आ गया।
मृतक की पत्नी ममता देवी के अनुसार, पैसे नहीं मिलने पर आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटी की चीख-पुकार सुनकर 70 वर्षीय वकील पुजार बीच-बचाव के लिए आगे आए। उन्होंने सोचा कि समझा-बुझाकर मामला शांत कर देंगे, लेकिन आरोपी का गुस्सा इस कदर बढ़ चुका था कि उसने घर में रखे तेज धारदार हथियार (छुरा) से अपने ससुर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शादी के लिए रखे पैसे बने मौत की वजह
मृतक की बेटी रीना देवी ने बताया कि उनकी बेटी कल्पना की शादी के लिए 10 हजार रुपये घर में रखे गए थे। आरोपी उन्हीं पैसों की मांग कर रहा था। जब पैसे नहीं मिले, तो उसने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर अपने ससुर की हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे परिवार को अंदर से तोड़ दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
रिश्तों के टूटते भरोसे की दर्दनाक तस्वीर
यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों में घटते विश्वास, शराब की लत और संवेदनहीनता की भयावह तस्वीर बनकर सामने आई है। जिस आंगन में बेटी की शादी की खुशियां बसने वाली थीं, उसी आंगन में खून बह गया। गांव के लोग स्तब्ध हैं और यही कह रहे हैं कि अगर रिश्तों में सम्मान और संयम खत्म हो जाए, तो घर भी सुरक्षित नहीं रह जाता।
इसे भी पढ़ें- सफर के बीच थमी सांसें : छपरा जंक्शन पर ट्रेन से मिला अज्ञात यात्री का शव