न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
जमुई / प्रवीण दुबे - जमुई जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर जमुई-लखीसराय सीमा पर स्थित कुंदर बराज के पास बालू में दबा एक महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने जब बालू के ढेर में संदिग्ध स्थिति देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
Highlights-
- जमुई-लखीसराय सीमा के कुंदर बराज के पास बालू में दबा महिला का सिर कटा शव बरामद
- स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को किया सील
- सदर एसडीपीओ सतीश सुमन और अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे
- FSL टीम ने मौके से जुटाए अहम साक्ष्य, जांच में तेजी लाई गई
- शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया
- मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई, पुलिस जांच में जुटी
- हत्या के कारणों और पहचान को लेकर कई एंगल से जांच जारी
बालू में दबा एक महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया।
पुलिस टीम ने किया मौके का निरीक्षण
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ सतीश सुमन, टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। मजिस्ट्रेट सह प्रभारी अंचलाधिकारी किशल्य राज की निगरानी में शव को बालू से बाहर निकाला गया और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके की गहन जांच की। पुलिस ने हर संभावित एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि वारदात की सच्चाई सामने आ सके।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा। शुरुआती जांच में शव किसी महिला का प्रतीत हो रहा है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लापता महिलाओं की जानकारी भी खंगाल रही है।
सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और मृतका की उम्र को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या और पहचान दोनों को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है। इस वारदात ने पूरे इलाके में भय और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।
इसे भी पढ़ें - sorry mummy; तुझे बहुत परेशान किया...मुझे माफ करना...मैं संभाल नहीं पाई..!सुसाइड नोट लिखकर फंदे पर लटक गई सृष्टि