अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
सासाराम/डेस्क: रोहतास जिले के सासाराम नगर थाने में मंगलवार की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पुलिस की मौजूदगी में हीं दो पक्ष आपस में भिड़ गये. दरअसल सासाराम रेलवे स्टेशन पर हुई दो पक्षों में मारपीट के बाद जब सभी लोग थाने में शिकायत के लिए पहुंचे, तो यहां भी दोनों लोग आपस में उलझ गये. देखते हीं देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चलने लगे.
पुलिस ने भी आजमाएं हाथ, विडियो वायरल
हैरानी की बात है कि पुलिस थाने में भी दोनों पक्षों में पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखा. स्थिति बेकाबू होते देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और फिर पुलिस ने भी उपद्रवियों पर हाथ साफ किए. जिसका वीडियो अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है.
रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ विवाद
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मंगलवार की अहले सुबह करीब 5 बजे दोनों पक्ष सासाराम रेलवे स्टेशन के समीप चाय पी रहे थे. किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में हल्की-फुल्की मारपीट हुई और फिर मामला शांत हो गया. इसके बाद जब दोनों पक्ष वापस अपने घर लौट रहे थे, तो शहर के काली स्थान के समीप दोनों एक बार फिर उलझ गए. इस दौरान मारपीट में दोनों पक्ष के तीन-चार लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद मामला पुलिस तक जा पहुंचा.
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
वहीं थाने में मारपीट के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है. सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि फिलहाल कई लोगों को हिरासत में लेकर पूरे मामले की गहनता से जांच चल रही है. पुलिस थाना परिसर में मारपीट करने वालों लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: नगर सरकार पर चढ़ा होली का खुमार, होली खेले रघुवीरा अवध में… होली गीत पर झूमे मेयर, डिप्टी मेयर व वार्ड पार्षद