अमन/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के नवादा में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवती ने अपने पिता और परिवार पर गंभीर आरोप लगाए है. युवती ने दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है और अगर वह घर से नहीं भागती तो उसकी हत्या कर दी जाती. यह वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ, जिसके बाद जिले में चर्चा का विषय बन गया. वीडियो में नगर थाना क्षेत्र के माल गोदाम निवासी राजेंद्र प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी अपने प्रेमी दिलीप कुमार वर्मा के पुत्र गोलू कुमार के साथ दिख रही है.
वीडियो में जूली कुमारी ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है. उसने आरोप लगाया कि उसके घर में उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. युवती ने यह भी कहा कि उसके प्रेमी पहले उसे ले जाने के लिए राजी नहीं था, लेकिन उसके लगातार कहने पर वह मान गया. जूली कुमारी ने अपने पिता और परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि वह घर से नहीं भागती तो उसकी हत्या कर दी जाती. उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसके प्रेमी के परिवार वालों को कुछ भी होता है, तो इसके लिए उसके पिता और परिवार वाले जिम्मेदार होंगे. वीडियो के अंत में उसने कहा कि वे जहां भी है, खुश है.
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है. कुछ लोगों का कहना है कि प्रेम करना गलत नहीं है, लेकिन अपने पिता और परिवार पर हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाना उचित नहीं है.
यह भी पढ़े: सहरसा के मंगुआर पंचायत में पावर सब स्टेशन को लेकर बवाल, प्रशासनिक टीम पर हमला, कई वाहन क्षतिग्रस्त