अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
रोहतास/डेस्क: रोहतास जिले के आयरकोठा थाना क्षेत्र के पडुहार गांव से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दरअसल शराबबंदी वाले बिहार में एक व्यक्ति को शराब बेचने से मना करना इतना भारी पड़ा कि उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान पडुहार गांव निवासी 43 वर्षीय राजेश कुमार राम के रूप में हुई है और घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
शराब बिक्री का विरोध पड़ा भारी
मामले में मृतक के परिजनों का कहना है कि सारा विवाद उनकी निजी जमीन पर अवैध शराब बिक्री को लेकर शुरू हुआ था. गांव के हीं कुछ लोग जबरन उनकी जमीन पर शराब का कारोबार कर रहे थे. जब मृतक राजेश कुमार राम ने इसका विरोध किया, तो दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और उन्हें गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया.
इलाज के दौरान मौत, पुलिस पर सवाल
घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने आनन-फानन में घायल राजेश राम को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस मामले में परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि जब वे लोग इस दबंगई और अवैध शराब बिक्री की शिकायत लेकर प्रशासन के पास पहुंचे, तो उन्हें न्याय मिलने की बजाय प्रताड़ना झेलनी पड़ी. पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई करने की जगह मृतक के छोटे भाई को हीं जेल भेज दिया.
शव का पोस्टमार्टम, जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना के बाद आयरकोठा थाने की पुलिस ने शव को सासाराम स्थित सदर अस्पताल लाया है, जहां शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा. हालांकि पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: इंसानियत हुई शर्मसार, दरवाजा देर से खोलने को लेकर चाचा ने तीन मासूमों को काटा गला