कुंदन कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
कटिहार/डेस्क: कटिहार जिले के सेमापुर ओपी थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर गांव में 16 फरवरी की आधी रात हुई,शरीफा खातून की हत्या का सनसनीखेज मामला अब पूरी तरह से खुल चुका है. इस हत्याकांड का महज़ 11 दिनों में उद्भेदन कर कटिहार पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. जिस पति ने अपनी पत्नी की हत्या पर आंसू बहाए, खुद ही उसका कातिल निकला. मृतका शरीफा खातून को गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद उसके पति एहतेशाम हुसैन ने एक लंबी कहानी गढ़ी कि तीन नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया, और मेरे विरोध करने पर हथियार छोड़ फरार हो गए.
इतना ही नहीं, उसने पारिवारिक रंजिश का एंगल जोड़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए पुलिस ने उसकी झूठी स्क्रिप्ट का पर्दाफाश कर दिया. जांच में सामने आया कि शरीफा खातून लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, जिसके इलाज में काफी खर्च हो रहा था. साथ ही उनके नाम पर करीब आठ लाख रुपये की पिकअप वैन भी खरीदी गई थी. इस आर्थिक दबाव और निजी स्वार्थ ने एहतेशाम को इतना अंधा बना दिया कि उसने अपनी ही पत्नी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली.पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एहतेशाम ने मंसाही निवासी विकास कुमार से पैसे देकर अवैध हथियार खरीदा था. जिसके बाद 16 फरवरी की रात को उसने पूर्व नियोजित तरीके से अपनी पत्नी को गोली मार दी और इसे पारिवारिक रंजिश में अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या का रूप देने की कोशिश की.लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच, साक्ष्यों के मिलान और कड़ी पूछताछ के आगे एहतेशाम हुसैन की फिल्मी स्क्रिप्ट फेल हो गई.
आखिरकार में एहतेशाम हुसैन ने पूरे प्री-प्लान मर्डर का कबूलनामा कर लिया,, जिसमें पुलिस ने अवैध हथियार बेचने वाले विकास कुमार और हत्यारे पति एहतेशाम हुसैन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध कितना भी शातिर तरीके से क्यों न रचा जाए,कानून के हाथ लंबे होते हैं.
यह भी पढ़ें: खत्म हुआ 40 दिनों का सस्पेंस! प्यार, भरोसा और खौफनाक साजिश जिसने बिहार को हिला कर रख दिया