नमो नारायण मिश्रा/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: गोपालगंज से दर्दनाक खबर सामने आई है. कटेया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली. राशन लेकर घर लौट रही जीविका कर्मी को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे में उनकी बहू और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा कटेया थाना क्षेत्र के भरठही गांव स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास सड़क पक्कीकरण कार्य के दौरान हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार तीन लोग जैसे ही ब्रह्म बाबा स्थान के पास पहुंचे, सामने से आ रही हाइवा के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े. गिरते ही महिला हाइवा की चपेट में आ गई. जान गंवाने वाली महिला की पहचान दुहौना गांव निवासी 50 वर्षीय मुन्नी देवी के रूप में हुई है. वह जीविका समूह में सीएम पद पर कार्यरत थी. उनके साथ बहू निशा देवी और अजय मद्धेशिया (कल्लू) भी बाइक पर सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों की बड़ी संख्या जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को रेफरल अस्पताल कटेया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रैफर कर दिया गया. ग्रामीणों ने हाइवा चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी. कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया और हाइवा को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
इस हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया. गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, खासकर जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं को लागू करने की आवश्यकता है. एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी. सवाल यह उठता है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कब तक सुनिश्चित किया जाएगा और बेगुनाह लोग कब तक ऐसे हादसों का शिकार होते रहेंगे. पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़े: बिहार राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने कक्षा 1-8 तक वार्षिक परीक्षा का शेड्यूल किया जारी