नमो नारायण मिश्रा/न्यूज11 भारत
गोपालगंज/डेस्क: गोपालगंज में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पांच दिनों से लापता युवक का शव कुचायकोट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव स्थित एक कुएं से बरामद किया गया. शव की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कुचायकोट थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
मृतक की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के मठिया हरदो गांव निवासी रामायण मांझी के पुत्र पवन मांझी के रूप में की गई है. परिजनों के मुताबिक पवन मांझी 25 फरवरी की रात से लापता था. परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 28 फरवरी को कुचायकोट थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया गया. मृतक के भाई संजय मांझी का कहना है कि यदि पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज होने के बाद तत्परता से कार्रवाई की होती, तो शायद युवक की जान बच सकती थी और आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा सकता था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा. साथ ही सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है. लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कब तक हो पाता है.
यह भी पढ़ें: भागलपुर के कहलगांव में चेकिंग के दौरान 7 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार