नमो नारायण मिश्रा/न्यूज11 भारत
गोपालगंजडेस्क: गोपालगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय नेता पर दलित समुदाय के लोगों के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का गंभीर आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी नेता हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है. दरअसल मामला गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी बाबू टोला गांव का बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह किसी बात को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह और संतोष बैठा के भतीजे के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान नेता के परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे संतोष बैठा पर भी हमला किया गया और उनके सिर पर पिस्टल के बट से वार कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आ रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. पीड़ित संतोष बैठा का आरोप है कि नेता ने अपने राजनीतिक पद और रसूख का धौंस दिखाते हुए इस घटना को अंजाम दिया है. वहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी नेता हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही मांझागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित के बयान पर एफआईआर दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: कटिहार के पोखर टोला में मक्के की खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप