न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (राहुल कुमार, (शेरघाटी)गयाजी मोक्ष की भूमि गयाजी में शनिवार की अहले सुबह खून-खराबे की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोयरी बारी इलाके में एक निजी ड्राइवर ने कोतवाली थाना के सरकारी सिपाही ड्राइवर को गोली मारकर लहूलुहान कर दिया। इस पूरी घटना के पीछे एक महिला सिपाही से जुड़ा 'ट्रायंगल लव स्टोरी' (प्रेम प्रसंग) बताया जा रहा है।
तड़के 3 बजे कंधे पर मारी गोली
घटना शनिवार सुबह करीब 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि परैया थाना का प्राइवेट ड्राइवर गौतम कुमार और कोतवाली थाना का सिपाही चालक नीरज कुमार आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि गौतम ने नीरज के कंधे पर गोली दाग दी। घायल सिपाही नीरज कुमार को तुरंत मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
एक महिला सिपाही और दो प्रेमी!
मामले की तह में जाने पर पता चला कि यह विवाद कोतवाली थाना में क्लर्क के पद पर तैनात एक महिला सिपाही को लेकर था। चर्चा है कि आरोपी गौतम और घायल नीरज, दोनों का ही उस महिला सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रतिद्वंद्विता ने हिंसक रूप ले लिया और अंजाम गोलीबारी तक पहुँच गया।
सिटी एसपी ने कहा— महिला सिपाही से भी होगी पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए गया सिटी एसपी कोटा किरण ने मोर्चा संभाल लिया है। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राइवेट ड्राइवर गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। साथ ही, मामले के केंद्र में रही महिला सिपाही को भी जांच के दायरे में रखा गया है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि क्या यह अचानक हुआ विवाद था या फिर हत्या की सोची-समझी साजिश। सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने आ सके।