न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. पटना समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार और मंगलवार को सुबह के समय कोहरा छाने के आसार है. मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठंड का अहसास बना रहेगा. दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी.
रविवार की सुबह पटना सहित राज्य के करीब 20 जिलों में मध्यम से घने स्तर का कोहरा देखा गया. सबसे खराब स्थिति गया जी में रही, जहां दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर दर्ज की गई. कोहरे के कारण सुबह के समय सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा.
तापमान में हल्की बढ़ोतरी, लेकिन ठंड कायम
राज्य में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. रविवार को 21 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस राजगीर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज हुआ. पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को राजधानी में धूप खिलने की संभावना है.
मुजफ्फरपुर में कनकनी से राहत
मुजफ्फरपुर जिले में दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी सुधार देखने को मिल रहा है. इससे कनकनी में कमी आई है. अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, हालांकि न्यूनतम तापमान बढ़ने के बावजूद अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है. मौसम विभाग ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से पछुआ हवा की रफ्तार में कमी आई है. इस कारण पूरे सप्ताह मौसम अपेक्षाकृत खुशनुमा रहने की संभावना है.
इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है. यह इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है. वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़ने के बावजूद सामान्य से 3.3 डिग्री नीचे 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इस दौरान औसतन 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चली.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक बिहार में सुबह कोहरा और सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी. दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिलेगी, जिससे लोगों को सर्दी के प्रकोप से कुछ आराम मिल सकता है.
यह भी पढ़े: सदर अस्पताल सहरसा में SDM का औचक निरीक्षण, डॉक्टर व स्टाफ मिले अनुपस्थित, सख्त कार्रवाई के निर्देश