इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत धमसैनी गांव स्थित एक ईंट भट्ठा पर फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसमें एक महिला घायल हो गई. घटना के बाद भट्ठा परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, ईंट भट्ठा पर काम कर रहे असम से लाए गए मजदूरों ने भट्ठा संचालक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. मजदूरों का कहना है कि उनसे जबरन काम कराया जाता है और विरोध करने पर मारपीट की जाती है. मजदूरों ने आरोप लगाया कि काम से मना करने पर उन्हें करंट तक दिया जाता था. वहीं, महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने और रात में जबरन ले जाने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला को एयर गन से गोली लगने की बात सामने आ रही है, हालांकि पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
पुलिस ने मौके से दर्जन भर से अधिक महिलाओं को रेस्क्यू कर थाने लाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. मजदूरों के आरोपों के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है.
इस मामले में आरोपी चिमनी मालिक ओवैस करनी उर्फ चुन्ना मुखिया को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
वहीं, हेडक्वार्टर डीएसपी ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए माइनिंग ऑफिसर को भी बुलाया गया है. संदिग्ध कमरे को सील किया जाएगा तथा एफएसएल (FSL) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सहरसा में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक घायल, सुबह की घटना के बाद दोपहर में फिर चली गोली