संजय श्रीवास्तव/न्यूज़11 भारत
आरा/डेस्क: भोजपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अशोक राम की अध्यक्षता में भारत के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न विभूषित डॉ राजेंद्र प्रसाद जी की 141वीं जयंती समारोह पार्टी कार्यालय शहीद भवन आरा में आयोजित किया गया. इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक राम ने भारतरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केवल भारत के प्रथम राष्ट्रपति ही नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की सबसे दृढ़ नींव रखने वाले महान पुरुष थे. उनकी सादगी, त्याग, नैतिकता और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
हमें उनके आदर्शों, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा को आत्मसात करने की आवश्यकता है. उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि चरित्र और कर्म से परिभाषित होता है.कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में मुख्यतः घनश्याम उपाध्याय, सूरज प्रकाश, रवि राम, घनश्याम चौधरी, लालबाबू गुप्ता, प्रमोद राय उदय कुमार, अवधेश कुमार सहित अन्य सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की.