इन्द्रदेव/न्यूज़11 भरत
सहरसा/डेस्क: बिहार के सहरसा विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने की. इस दौरान जिले के विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को सांसद के समक्ष रखा.
बैठक में इन योजनाओं को लेकर हुई चर्चा
बैठक में सड़क, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. सांसद दिनेश चंद्र यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए. सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की गई है. उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में चल रहे सभी अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए. साथ ही यह भी बताया गया कि एनएचएआई की सड़क परियोजना मार्च माह तक पूर्ण कर ली जाएगी, जबकि रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का कार्य जुलाई तक संपन्न हो जाएगा.
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में सहरसा विधानसभा क्षेत्र के विधायक आई.पी. गुप्ता, महर्षि विधानसभा क्षेत्र के विधायक गौतम कृष्णा, बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. वहीं जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जिले में लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा कर लिया जाएगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाएगी. अंत में सांसद ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की. बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
यह भई पढें: देवघर में किया गया जनता दरबार का आयोजन, ऑन द स्पॉट किया गया कई समस्याओं का समाधान