न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार में ठंड ने इस बार लोगों को कड़ी चुनौती दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक हफ्ते तक ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और सर्द पछुआ हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में तापमान गिरा है.
मौसम विभाग ने आज सोमवार को उत्तर बिहार के जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. वहीं, दक्षिण बिहार में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड और बढ़ेगी. राजधानी पटना में सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है.
रविवार को बिहार के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 8.2 से 14.5 डिग्री और अधिकतम 13.8 से 19.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. सबसे कम तापमान छपरा में 8.2 और सबसे अधिक शेखपुरा में 19.5 डिग्री रहा. सुबह के समय वाल्मीकिनगर में दृश्यता मात्र 50 मीटर थी. राज्यभर में 8 से 12 किमी की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चली.
भागलपुर में धूप से थोड़ी राहत
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से डेढ़ किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से भागलपुर में सोमवार से आंशिक धूप मिलेगी, लेकिन मंगलवार से सात जनवरी तक हल्का कोहरा छाया रहेगा. दिन में धूप-छांव और रात में कनकनी वाली ठंड जारी रहेगी. पूर्णिया जिले में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा लेकिन अगले 2-3 दिनों में सुबह और देर रात को मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा. न्यूनतम तापमान में 2–4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड और शीतलहर का असर बढ़ सकता है.
यह भी पढ़े: होली की खुशी से पहले टिकट की टेंशन! यूपी-बिहार-झारखंड रूट पर ट्रेनों में सीटें लगभग फुल