अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात CISF जवान मुकेश सिंह की हरियाणा पुलिस की कस्टडी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. मृतक की पत्नी रीमा देवी और पुत्र दुर्गेश का कहना है कि बिना किसी अरेस्ट वारंट के हरियाणा पुलिस ने मुकेश सिंह को ड्यूटी के दौरान जबरन हिरासत में लिया और बाद में उनकी मौत हो गई.
रीमा देवी ने बताया कि उनके पति की एयरपोर्ट के गार्डन क्षेत्र में ड्यूटी लगी थी. रात में उन्होंने फोन कर ड्यूटी की जानकारी दी थी, इसके कुछ ही समय बाद हरियाणा पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई. परिजनों को इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई. आधी रात को फोन पर जवान की मौत की खबर दी गई.
मृतक के पुत्र दुर्गेश ने दावा किया कि उनके पिता को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, ऐसे में हार्ट अटैक की बात समझ से परे है. उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस अपने बचाव में झूठी कहानी गढ़ रही है.
वहीं मेडिकल थाना प्रभारी कृष्ण सिंह ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है और कहा कि गिरफ्तारी विधिवत प्रक्रिया के तहत हुई थी. फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. डीएसपी टाउन-2 धर्मेंद्र भारती भी मामले की जांच में जुटे हैं. घटना के बाद से पुलिस और CISF के बीच भी गहमागहमी का माहौल है.
यह भी पढ़ें: बिहार की हर पंचायत में 'ओपन जिम' का निर्माण कराया जाएगा, युवाओं के लिए केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने की बड़ी घोषणा