न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बढ़े मतदान प्रतिशत को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी हैं. उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि राज्य में एनडीए के प्रति जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा हैं. चिराग पासवान ने 2005 और 2010 के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि उन दोनों चुनावों में भी अधिक मतदान हुआ था और एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला था.
उन्होंने कहा कि इस बार भी प्रोकेंबेंसी का माहौल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले एक वर्ष से लगातार बिहार का दौरा कर रहे है, बिहार और बिहारी हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं समर्पित कर रहे हैं. बढ़ते मतदान को उन्होंने एनडीए के प्रति जनता के भरोसे का संकेत बताया.
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि पहले चरण की 121 सीटों में से करीब 100 सीटें एनडीए के खाते में जाएंगी. लोजपा (रामविलास) के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी 14 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित हैं.
महागठबंधन द्वारा 14 नवंबर को बड़े खुलासे की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साथ सभी नेता पूरी एकजुटता से चुनाव प्रचार कर रहे है और इसमें कोई दो राय नहीं कि 14 नवंबर के बाद बिहार में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पहले विपक्ष EVM पर सवाल उठाता था, जब वहां से कुछ नहीं मिला तो वोट चोरी का आरोप लगाने लगा. चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि “चुनाव के बाद भी ये लोग ईवीएम और वोट चोरी का रोना ही रोएंगे.”
यह भी पढ़े: साइबर ठगी के आरोपी सतीश कुमार को कोर्ट से झटका, जमानत याचिका खारिज