न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पवन कुमार सिंह / छपरा - सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के शिवरहिंया गांव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हाईलाइट्स -
- छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
- मृतक की पहचान चैनपुर गांव निवासी 39 वर्षीय गुड्डू साह के रूप में हुई
- शव मिलने के बाद इलाके में फैली सनसनी, ग्रामीणों की जुटी भीड़
- पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही जांच
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
मृतक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव स्थित तेजपूर्वा टोला निवासी साधु साह के 39 वर्षीय पुत्र गुड्डू साह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि युवक का शव शिवरहिंया गांव निवासी रामस्वरूप सिंह की गाछी में मिला। पुलिस को मौके से मृतक का आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, तो कुछ हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि बिहार पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें - बिहार सरकार का बड़ा EV प्लान, अब सरकारी दफ्तरों में पेट्रोल-डीजल नहीं… इलेक्ट्रिक गाड़ियों की होगी एंट्री