शंभू भगत/न्यूज़11 भारत
भागलपुर/डेस्क: बुधवार को पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर धूमधाम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उनके तेलिय चित्र पर पुष्पांजलि कर अपना श्रद्धा सुमन अर्पित किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि आज हम सभी को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को याद करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश तभी तरक्की के रास्तों पर आगे बढ़ेगा जब हम उनके आदर्शों को अपनाएंगे.
इसी दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने केंद्र की NDA सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनता को गुमराह कर देश को बर्बाद करने में लगी हुई है. यूपी की तरह बिहार में भी गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलवाया जा रहा है, जिससे गरीब बेघर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार यदि कार्रवाई करना चाहती है तो पहले गरीबों को रहने के लिए जमीन दे, फिर कार्यवाही कार्यवाई करें. उन्होंने इसे लेकर सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की.