न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार में बर्फीली पछुआ हवाओं ने आम जनजीवन को ठिठुरते हालात में डाल दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले पांच दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा और कोल्ड डे जैसी स्थिति जारी रहने की संभावना है. गुरुवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान गयाजी रहा, जहां न्यूनतम तापमान केवल 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह दो वर्षों में सबसे कम तापमान है.
जम्मू से भी ठंडा हुआ बिहार
राज्य के नौ जिलों का तापमान गुरुवार को जम्मू शहर (7.1 डिग्री) से भी कम रहा. इन जिलों में गयाजी (4.1 डिग्री), दरभंगा (6.6 डिग्री), छपरा (5.7 डिग्री), भागलपुर‑सबौर (4.6 डिग्री), शेखपुरा (6.3 डिग्री), राजगीर (5.1 डिग्री), सिवान‑जीरादेई (6.0 डिग्री), अरवल (5.3 डिग्री), रोहतास‑बिक्रमगंज (4.8 डिग्री) शामिल हैं. राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दरभंगा, छपरा, भागलपुर और शेष कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही. गयाजी में न्यूनतम दृश्यता केवल 50 मीटर तक सीमित रही, जिससे यात्रा और सड़क पर चलना कठिन हो गया.
यह भी पढ़े: बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को मिली जान से मारने की धमकी