न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है और सुबह-शाम ठंड का अहसास रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, आज मंगलवार को राज्य के 19 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और खगड़िया शामिल है.
सुबह के समय पटना सहित अधिकांश जिलों में हल्का कोहरा रहेगा. दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी. 22 और 23 जनवरी को तापमान में गिरावट आने की संभावना है. सोमवार को भागलपुर (सबौर) में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पटना का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस था. सबसे कम दृश्यता 25 मीटर भागलपुर में दर्ज की गई. पटना का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कैमूर में 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
पूर्णिया, किशनगंज और सिवान को छोड़कर बाकी सभी जिलों में तापमान में वृद्धि हुई है. पटना और आसपास के क्षेत्रों में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क और ठिठुरन वाला बना हुआ है. सड़क मार्गों पर घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की संभावना है, इसलिए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में निगरानी टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल के क्लर्क ब्रजमोहन लाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार