न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
संजय कुमार / पटना : पटना के सुलतानगंज इलाके की तंग गलियों में इन दिनों डर का माहौल बना हुआ है। नौघरवा मुहल्ले के रहने वाले तनवीरुल हक के लिए यह डर अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। घटना 13 मार्च की शाम की है, जब मोहल्ले में कुछ लोग खुलेआम नशा कर रहे थे। जहां आसपास के लोग चुप्पी साधे रहे, वहीं तनवीरुल हक ने हिम्मत दिखाते हुए नशा करने से मना किया। लेकिन उनका यह विरोध नशेड़ियों को नागवार गुजर गया। गुस्से में आकर उन्होंने कुछ अन्य अपराधियों के साथ मिलकर तनवीरुल की बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना के बाद घायल तनवीरुल ने 14 मार्च को सुलतानगंज थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करेगी, लेकिन समय बीतने के साथ उनकी उम्मीद डर में बदलती चली गई।न्यूज 11 भारत से बातचीत में तनवीरुल ने बताया कि उनका परिवार भी पुलिस विभाग से जुड़ा रहा है, इसके बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि वे और उनका परिवार लगातार भय के साए में जी रहे हैं। उनका आरोप है कि आरोपी उनका पीछा कर रहे हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है।
इसी डर के बीच तनवीरुल ने सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आशंका जताई है कि कहीं ऐसा न हो कि किसी बड़ी घटना के बाद ही पुलिस कार्रवाई करे।वहीं, सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि शहर में नशे और नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सैकड़ों नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं और कई लोगों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला संज्ञान में आया है, इस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि तनवीरुल की यह कहानी पुलिस के दावों के बीच कई सवाल खड़े करती है। जब एक पीड़ित, जिसका परिवार भी पुलिस विभाग से जुड़ा रहा हो, उसे न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी? अब बड़ा सवाल यही है कि क्या तनवीरुल हक को इंसाफ मिलेगा, या वे यूं ही डर के साए में जीने को मजबूर रहेंगे। हालांकि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें - यात्रीगण ध्यान दें! अब राजगीर-पटना हर दिन चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें कब से शुरू होगा सफर