न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
संजय कुमार / बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरी वारदात खोदावंदपुर थाना क्षेत्र की है। जहां बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के सुनसान इलाके गुही कुआं और दुर्गा स्थान मसराज के बीच अज्ञात अपराधियों ने अरविंद महतो (25) की गोली मारकर हत्या कर दी।
घात लगाए अपराधियों ने मारी गोली
बताया जा रहा है कि अरविंद महतो शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपने घर से बाइक लेकर निकले थे। वह अपने एक दोस्त को सापुर गांव उसके ससुराल छोड़ने गए थे लेकिन लौटते वक्त पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया और गोली मार दी। गोली लगते ही अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीर ने परिजनों को किया सूचित
इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब एक राहगीर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक की जलती लाइट और लगातार बज रहे मोबाइल फोन को देखा। शक होने पर उसने फोन उठाकर परिजनों को सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां अरविंद महतो का शव पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही SDPO नवीन कुमार, पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, छौराही थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार और खोदावंदपुर थाना अध्यक्ष चंदर कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। साथ ही आसपास के इलाकों में छापेमारी और जांच अभियान भी तेज किया गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य एंगल से भी जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।