शम्भू भगत/न्यूज11 भारत
भागलपुर/डेस्क: भागलपुर नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय धरहरा में छठी कक्षा की एक छात्रा के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है कथित रूप से सहायक शिक्षक द्वारा छात्रा को 101 बार कान पकड़कर उठक-बैठक करवाने की सजा दी गई जिसके बाद छात्रा बेहोश होकर गिर पड़ी और उसकी स्थिति बिगड़ गई परिजनों ने तत्काल छात्रा को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार छात्रा ने शिक्षक से बार-बार अनुरोध किया कि वह सजा नहीं कर पा रही है लेकिन शिक्षक ने सुनने के बजाय 202 बार और उठक-बैठक करने का निर्देश दे दिया अत्यधिक शारीरिक थकान के कारण छात्रा अचानक जमीन पर गिर पड़ी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा. घटना के बाद विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शशिकला देवी को छात्रा की हालत की जानकारी दी गई लेकिन आरोप है कि उन्होंने परिवार के लोगों को खुद छात्रा को घर ले जाने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया.
परिजन छात्रा को गंभीर अवस्था में लेकर घर पहुंचे और बाद में अस्पताल ले गए चिकित्सक मोहक कुमार यादव के अनुसार छात्रा की स्थिति चिंताजनक थी इसलिए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है.छात्रा बोलने में असमर्थ है और मुंह से झाग निकलना जारी है. छात्रा की मां ने बताया कि उसकी बेटी पढ़ाई में कमजोर है जिस कारण शिक्षक अक्सर उसे डांटते-फटकारते रहते थे मां का आरोप है कि मेरी बेटी को 101 बार उठक-बैठक करवाया गया फिर 202 बार और करने को कहा वह गिर पड़ी, लेकिन शिक्षक उसके चेहरे पर पानी डालते रहे.
दोपहर बाद जब परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां से मिली जानकारी के आधार पर उन्हें पूरी घटना का पता चला गांव में शिक्षक के इस कृत्य को लेकर आक्रोश व्याप्त है ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षक से जवाब-तलब किया. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक उमाशंकर सिंह ने बताया कि वे छुट्टी पर थे और मामले की जानकारी होते ही स्कूल पहुंचे उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी घटना की लिखित शिकायत थाना में भी दी गई है सामुदायिक जनों और अभिभावकों ने जिला शिक्षा विभाग से भी मांग की है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं और दोषी कर्मचारी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन सुपर लीग टूर्नामेंट का चैंपियन बना बारूद क्रिकेट क्लब