न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के नवादा में एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एक हत्या मामले में फरार चल रहे अभियुक्त के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग गांव में यह कार्रवाई की। यह कदम न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए उठाया गया है। पुलिस ने अभियुक्त मोनू कुमार के घर से दरवाजा, चौकी, बर्तन सहित अन्य सामान जब्त किए। इस दौरान विधिवत जब्ती सूची तैयार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
क्या है पूरा मामला
नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई नगर थाना कांड संख्या-813/25 में नवादा न्यायालय के आदेश के आलोक में की गई है। यह मामला डोमनबाग गांव निवासी ब्रहमदेव महतो के 22 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार की हत्या से संबंधित है। सचिन की 29 जुलाई 2025 को नवादा के मेहता गली, मिर्जापुर मुहल्ला में अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह बिहार पुलिस परीक्षा देने सासाराम जा रहे थे।
जेल में बंद हैं दो और आरोपी
पुलिस अनुसंधान के दौरान कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग गांव निवासी विनोद यादव के पुत्र मोनू कुमार सहित तीन अपराधियों की संलिप्तता पाई गई थी। इस मामले में दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि मोनू कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था।