अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
रोहतास/डेस्क: होलिका दहन को लेकर रोहतास जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है. आज सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी नेहा कुमारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने नगर थाना प्रभारी राजीव रंजन के साथ दलबल के साथ शहर के विभिन्न होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई और अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने होलिका दहन समिति के सदस्यों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित स्थलों पर ही होलिका दहन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने बताया कि शहर के सभी मुख्य स्थानों पर होलिका दहन के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
वहीं एसडीपीओ ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. सभी होलिका दहन स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.
यह भी पढ़ें: BNR में चल रहे होली मिलन कार्यक्रम में हंगामा, दो गुटों में हुई जमकर मारपीट