इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: आगामी 13 मार्च को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित सहरसा दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और रूट मैप को लेकर सहरसा जिला प्रशासन एवं सहरसा व्यापार संघ के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम, उनके आवागमन के मार्ग तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन की ओर से व्यापारियों से अपील की गई कि दौरे के दौरान ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, जिस पर व्यापार संघ ने पूर्ण सहमति जताई.
सहरसा व्यापार संघ के अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने कहा कि व्यापार संघ की ओर से मुख्यमंत्री का सहरसा आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए व्यापारी वर्ग जिला प्रशासन के साथ पूरी तरह सहयोग करेगा. बताया गया कि जीबी रोड में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण भी मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने की संभावना है. इसे लेकर बाजार क्षेत्र में बैरिकेडिंग, आवागमन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया.
वहीं उपमेयर गुड्डू हयात ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न हो. बैठक में सहरसा सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी, एसडीपीओ आलोक कुमार, सदर थाना प्रभारी सुबोध कुमार सहित व्यापार संघ के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जयमाला के दौरान विवाद में चली गोली, एक युवक घायल