न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र के माधोपुर बनौली की रहने वाली महिला थाने में आवेदन देकर लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बरहता निवासी आदर्श कुमार पर शादी का झांसा देकर लगातार शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2019 से आरोपी शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा. इस दौरान वह उसके साथ पति-पत्नी की तरह रहता था और चार बार जबरन गर्भपात भी कराया गया.
पीड़िता ने बताया कि आरोपी अक्सर शराब पीकर आता था और मारपीट करता था. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी. हाल ही में आरोपी ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह दर-दर भटकने को मजबूर हो गई. पीड़िता फिलहाल गर्भवती है और अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर दहशत में है.
पीड़िता ने बताया कि महिला थाने में आवेदन देने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई. इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और उसका मेडिकल परीक्षण डीएमसीएच में कराया गया.
पीड़िता ने यह भी बताया कि वह फिलहाल किराये के मकान में रह रही थी, लेकिन मकान मालिक ने भी मकान में ताला लगा दिया है, जिससे वह बेघर हो गई है और दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: दरभंगा: 1.85 करोड़ की 74 दुकानों के निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, डीएम ने किया निरीक्षण