न्यूज11 भारत
किशनगंज/डेस्कः- किशनगंज जिले के सदर थाना क्षेत्र से दहेज लोभ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दहेज की चाहत में एक युवक ने शादी से महज कुछ दिन पहले ही रिश्ता तोड़ दिया. मामला समाज को शर्मसार करने वाला है, जहां पसंदीदा बाइक न मिलने की वजह से लड़के ने विवाह से इनकार कर दिया.
मालूम हो कि कविता (काल्पनिक नाम) की शादी 15 जनवरी को तय थी. लड़की की शादी कटिहार जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र निवासी राम विलास पासवान, पिता रामेश्वर पासवान, से होनी थी. शादी को लेकर लड़की पक्ष पूरी तैयारी कर चुका था कार्ड बांटे जा चुके थे, टेंट और हलवाई की बुकिंग भी हो चुकी थी. घर में खुशी का माहौल था और रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था.
शनिवार को लड़की पक्ष ने दहेज में बाइक दिलाने के लिए युवक को किशनगंज बुलाया था. इस दौरान राम विलास ने अचानक नई मांग रख दी. लड़की के पिता ने बताया कि पहले लड़के ने अपाचे बाइक की डिमांड की थी, जिसे वे देने को तैयार थे. लेकिन अब वह R One 5 बाइक की मांग पर अड़ गया. गरीब पिता ने कहा कि वे इतनी महंगी बाइक देने में सक्षम नहीं हैं, जबकि पहले ही वे लड़के वालों को एक लाख रुपये दे चुके हैं. लड़की की मां ने कहा कि उन्हें इस अन्याय के खिलाफ इंसाफ चाहिए.
लड़की पक्ष ने युवक को बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा. मामला गंभीर होते हुए नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान के पास पहुंचा. उन्होंने युवक को कानून का हवाला देते हुए समझाया कि दहेज मांगना अपराध है. इसके बावजूद युवक ने साफ कहा कि अगर R One बाइक मिली तो ही शादी करेगा, नहीं तो नहीं.
जब सभी कोशिशें नाकाम रहीं, तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने भी युवक को समझाने का प्रयास किया, ताकि लड़की की शादी टूटने से बच सके. लेकिन युवक दहेज की लालच में अड़ा रहा. अंततः पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि युवक को कानून के हवाले कर दिया गया है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं लड़की की मां ने युवक और उसके परिजनों के खिलाफ थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.