अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज़11 भारत
सासाराम/डेस्क: जिला मुख्यालय सासाराम में बीती रात चोरों ने एक ब्रांडेड ज्वैलरी शॉप में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने शोरूम से लाखों रुपए के आभूषण एवं नकदी रूपयों की चोरी की है. हालांकि शोरूम के मैनेजर ने अब तक नुकसान का सही आकलन नहीं किया है और शोरूम के हेड ऑफिस द्वारा सही आकलन करने की बात कही जा रही है.
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
वहीं चोरी की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार एवं नगर थाने की पुलिस ने शोरूम का निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज एवं शोरूम के आसपास के मकानों का भी जायजा लिया तथा घटना के उद्भेदन में डॉग स्क्वायड टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस के अनुसार शोरूम के सभी स्टाफ से पूछताछ की गई है तथा मामले में हर एंगल से जांच चल रही है.
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
किशना ज्वैलरी शोरूम में चोरी की घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में चोर हाथ में हथियार लिए शोरूम में चोरी करते दिखाई दे रहे हैं. जिसके आधार पर पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है. हालांकि चोरों ने शोरूम में लगे कई सीसीटीवी कैमरों को नुकसान भी पहुंचाया है, लेकिन शोरूम के अन्य कमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो चुकी है.
सेंध लगा कर चोरी
दरअसल चोरों ने शोरूम के पीछे स्थित मकान के सहारे छत पर पहुंचे और फिर सीढ़ी के रास्ते शोरूम के पिछले हिस्से के पास आ गये. इसके बाद उन्होंने बाथरूम की दीवार को काटकर शोरूम में प्रवेश किया. इस क्रम में उन्होंने शोरूम में लगे कई सीसीटीवी कैमरा को तोड़ डाला और शोरूम के कैश काउंटर में रखें नगद रुपए एवं शोकेस में रखें सोने-चांदी के सभी आभूषणों को चुरा कर अपने साथ ले गए.