राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: नए साल के जश्न से पहले गया पुलिस ने शराब तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है. बाराचट्टी थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के पास रविवार को चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की. कार्रवाई में 490 कार्टन अंग्रेजी शराब (लगभग 4190 लीटर) जब्त की गई है. मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
झारखंड से पटना ले जायी जा रही थी शराब की खेप
पुलिस के अनुसार, वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई. जांच में कंटेनर के भीतर छिपाकर रखी गई 490 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के मिठीबेरी गांव निवासी पुखराज के रूप में हुई है. पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि शराब की यह खेप झारखंड के जमशेदपुर से बिहार की राजधानी पटना ले जाई जा रही थी.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने बताया कि नए साल को लेकर अवैध शराब की तस्करी बढ़ने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर बाराचट्टी पुलिस ने ब्लॉक मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया, जिसमें यह बड़ी सफलता हाथ लगी. जब्त शराब और कंटेनर को थाने लाकर विधिवत जब्ती की गई है.
संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक संगठित शराब तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है. इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
सघन जांच अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नववर्ष के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ जिलेभर में सघन जांच अभियान जारी रहेगा. किसी भी कीमत पर शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद के पोखराही गांव के पास बाइक दुर्घटना में युवक की मौत