न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: दरभंगा शहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नगर निगम कार्यालय के पास स्थित हज़रत शहीद बाबा की मजार शरीफ में आग लगने की सूचना सामने आई. यह घटना नगर थाना क्षेत्र के टाउन हॉल के समीप की बताई जा रही है.
आग लगने से मजार पर चढ़ाई गई चादरें जलकर खाक हो गईं, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. मुस्लिम समुदाय में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का आरोप है कि यह किसी असामाजिक तत्व की साजिश हो सकती है, जिसका उद्देश्य शहर के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ना है.
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे है ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके.
इस मामले में दरभंगा के एसएसपी ने बताया कि मजार में आग लगने की सूचना मिली है और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि यदि किसी की साजिश सामने आती है तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.
यह भी पढ़े: सहरसा के अमरपुर में भीषण अग्निकांड, देर रात आग से तीन घर जलकर राख, दमकल नहीं पहुंची