तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते महिला अपराध और कान

बिहार में क्रिमिनल डिसऑर्डर ! महिला अपराधों पर तेजस्वी का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला

बिहार में क्रिमिनल डिसऑर्डर !

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

पटना -  तेजस्वी यादव ने बिहार की नई सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सरकार महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि नई सरकार बने लगभग एक महीना हो चुका है, लेकिन बिहार में अपराध और खासकर महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते छह महीनों में बिहार में दो बार मुख्यमंत्री बदले गए और “इलेक्टेड चीफ मिनिस्टर को हटाकर सिलेक्टेड मुख्यमंत्री बनाया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग होने के बावजूद राज्य में अपराध पर लगाम नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब माताओं, बहनों और बच्चियों के साथ गैंगरेप, दुष्कर्म और हत्या जैसी वारदातें सामने नहीं आती हों।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों का आंकड़ा गिनाया

तेजस्वी यादव ने हाल के दिनों में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा - 

  • 15 अप्रैल को दरभंगा में गैंगरेप
  • सहरसा में खेत में सामूहिक दुष्कर्म
  • 17 अप्रैल को लखीसराय में बहला-फुसलाकर दरिंदगी के बाद हत्या
  • 21 अप्रैल को किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म
  • 23 अप्रैल को दो बहनों का अपहरण
  • 25 अप्रैल को 4 साल की बच्ची से रेप
  • 29 अप्रैल को ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली नाबालिग के साथ दुष्कर्म
  • मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म
  • जमुई में महिला के साथ दरिंदगी की घटना

 

लॉ एंड ऑर्डर नहीं, क्रिमिनल डिसऑर्डर

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में “लॉ एंड ऑर्डर नहीं, क्रिमिनल डिसऑर्डर” की स्थिति बन गई है। अपराधी ही “विजय और सम्राट” बन गए हैं। हत्या, लूट, अपहरण और दुष्कर्म जैसी घटनाएं रोज हो रही हैं और आम बिहारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ महिला सशक्तिकरण की बातें करती है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को लेकर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि बिहार की 65 प्रतिशत महिलाएं खून की कमी यानी एनीमिया से जूझ रही हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही।

जीविका दीदियों और महिलाओं से “वादा खिलाफी” का आरोप

तेजस्वी यादव ने सरकार पर महिलाओं से वादा खिलाफी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को 10 हजार रुपये देकर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन अब तक 1 लाख 90 हजार रुपये देने का वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने सवाल पूछा कि महिलाओं को दूसरी किस्त कब मिलेगी।

उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता “2025 से 30 फिर से नीतीश” का नारा लगाते थे, लेकिन अब उन्हीं लोगों ने Nitish Kumar को “फिनिश” कर दिया है। तेजस्वी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए, तो यही महिलाएं सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगी।

सरकार पर गंभीर आरोप

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार 71 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी कर रही है और बिहार को आर्थिक रूप से बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल “रील बनाने और फोटो शूट” में व्यस्त है। इसके साथ ही उन्होंने एनकाउंटर को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि “विशेष जाति देखकर एनकाउंटर कराया जा रहा है।” उन्होंने Muzaffarpur Shelter Home Case का जिक्र करते हुए कहा कि बालिका गृह कांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही और सरकार उनसे जुड़े लोगों को संरक्षण दे रही है।

इसे भी पढ़ें - आग में तड़प-तड़प कर जल गई चमेली देवी, चीखें सुनता रहा गांव; राख हो गया पूरा घर