गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं; समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता का बड़ा ऐलान
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग की मंत्री श्वेता गुप्ता ने विभागीय योजनाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि विभाग के अंतर्गत संचालित किसी भी योजना में अगर गड़बड़ी पाई गई तो दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह गंभीर है।
हाईलाइट्स -
- समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता ने योजनाओं में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
- विभाग की सभी योजनाओं और पेंशन योजनाओं की होगी व्यापक समीक्षा।
- अनियमितता मिलने पर दोषियों की पहचान कर होगी कठोर कार्रवाई।
- जरूरत पड़ने पर योजनाओं में संशोधन करने के संकेत भी दिए।
सभी योजनाओं की होगी व्यापक समीक्षा
मंत्री ने बताया कि समाज कल्याण डिपार्टमेंट के अंतर्गत चल रही सभी योजनाओं की चरणबद्ध तरीके से समीक्षा की जाएगी। खासतौर पर पेंशन योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की दोबारा जांच कराई जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंच रहा है। विभागीय कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
जरुरत पड़ी तो योजनाओं में होगा संशोधन
श्वेता गुप्ता ने कहा कि समीक्षा के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो गड़बड़ी करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि योजनाओं में किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता महसूस हुई तो सरकार उस दिशा में भी कदम उठाएगी, ताकि योजनाएं अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बन सकें।
इसे भी पढ़ें - Bihar Politics : निशांत कुमार से मिले राज्यसभा सांसद खीरू महतो, संगठन विस्तार पर हुई चर्चा