सम्राट सरकार का कैबिनेट विस्तार 6 मई को संभावित, BJP-JDU समेत सहयोगी दलों की हिस्सेदारी तय
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार की सम्राट सरकार के बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, 6 मई को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
हाईलाइट्स -
- 6 मई को कैबिनेट विस्तार की संभावना
- BJP के 13 और JDU के 12 मंत्री बन सकते हैं
- सहयोगी दलों को भी मिलेगा प्रतिनिधित्व
- 1 मई तक BJP नामों पर लगाएगी मुहर
- समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी
BJP और JDU के बीच सीटों का फॉर्मूला तय
सूत्र बताते हैं कि कैबिनेट में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 13 और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 12 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। दोनों प्रमुख दलों के बीच लगभग सहमति बन चुकी है और नामों पर अंतिम मंथन जारी है। सरकार में सहयोगी दलों को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी LJP(R) के 2 मंत्री, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से 1-1 मंत्री को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
1 मई तक BJP करेगी नामों पर अंतिम फैसला
BJP की ओर से मंत्री पद के संभावित नामों की सूची पर 1 मई तक अंतिम मुहर लगाए जाने की संभावना है। इसके बाद सूची को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंप दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार 6 मई को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समारोह में शीर्ष नेताओं की मौजूदगी भी संभव है।
राजनीतिक संदेश देने की कोशिश
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार सिर्फ प्रशासनिक नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश देने वाला कदम भी होगा, जिसमें गठबंधन की एकजुटता और संतुलन को दर्शाने की कोशिश की जाएगी।
इसे भी पढ़ें - बिहार में तकनीकी शिक्षा को नई उड़ान: हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित