लखीसराय में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एआई

लखीसराय में अब AI ट्रैफिक कैमरों की नजर, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट वालों का कटेगा ऑनलाइन चालान

लखीसराय में अब AI ट्रैफिक कैमरों की नजर,

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

लखीसराय -     बिहार सरकार सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और बढ़ते सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए लगातार नई तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे बड़े शहरों के बाद अब लखीसराय में भी इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में एआई आधारित ट्रैफिक कैमरे लगाए जाएंगे, जो ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर नजर रखेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

हाईलाइट्स - 

  • लखीसराय में पहली बार लागू होगा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम
  • विद्यापीठ चौक और शहीद द्वार के पास लगेंगे एआई ट्रैफिक कैमरे
  • बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों का कटेगा ऑनलाइन चालान
  • जनवरी 2026 से अब तक सड़क हादसों में 30 लोगों की मौत  

विद्यापीठ चौक और शहीद द्वार पर लगेंगे कैमरे

लखीसराय शहरी क्षेत्र के सबसे व्यस्त स्थान विद्यापीठ चौक और पुरानी बाजार स्थित शहीद द्वार के पास ट्रैफिक पोस्ट के नजदीक एआई ट्रैफिक कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है। परिवहन विभाग के राज्य परिवहन आयुक्त ने इस संबंध में लखीसराय डीटीओ को पत्र भेजकर चयनित स्थलों का निरीक्षण करने और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। योजना लागू होने के बाद बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले, सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों का ऑनलाइन चालान स्वतः कट जाएगा। नियम तोड़ते ही संबंधित वाहन मालिक के मोबाइल पर तुरंत मैसेज भी पहुंच जाएगा।

सड़क हादसों पर लग सकेगी रोक

जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसे प्रशासन के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। जनवरी 2026 से अब तक सड़क दुर्घटनाओं में करीब 30 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। खासकर सूर्यगढ़ा प्रखंड और एनएच-80 पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। प्रशासन का मानना है कि एआई ट्रैफिक कैमरों की मदद से तेज रफ्तार और लापरवाही पर नियंत्रण लगेगा, जिससे हादसों में कमी आने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़ें -  पश्चिमी चंपारण में जर्जर पुल बना खतरा, दरारों के बीच रोज जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग