निशांत–मिथलेश समेत सम्राट सरकार के मंत्रियों को VIP बंगले आवंटित, जानें किसको कौन सा मिला आवास !
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार में सम्राट कैबिनेट विस्तार के बाद अब मंत्रियों के बीच सरकारी आवासों का आवंटन भी शुरू हो गया है। सोमवार को बिहार सरकार ने नए मंत्रियों के लिए सरकारी बंगलों और आवासों की सूची जारी कर दी। राजधानी पटना के वीआईपी इलाकों हार्डिंग रोड, देशरत्न मार्ग और गर्दनीबाग स्थित कई प्रमुख सरकारी आवास अब नए मंत्रियों को आवंटित किए गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को दिए गए 2 देशरत्न मार्ग स्थित बंगले को लेकर हो रही है। यह वही आवास है, जो पहले विधानसभा अध्यक्ष के नाम से आवंटित हुआ करता था। राजनीतिक हलकों में इसे सरकार के भीतर बढ़ती अहमियत से जोड़कर देखा जा रहा है।
हाईलाइट्स -
- बिहार सरकार ने नए मंत्रियों को सरकारी आवास आवंटित किए
- स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मिला चर्चित 2 देशरत्न मार्ग बंगला
- शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को आवंटित हुआ 13 हार्डिंग रोड आवास
- हार्डिंग रोड और गर्दनीबाग के VIP बंगलों को लेकर सियासी चर्चा तेज
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को मिला 13 हार्डिंग रोड आवास
नई कैबिनेट में शिक्षा मंत्री बने मिथिलेश तिवारी को 13 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। शिक्षा विभाग संभालने के बाद से ही वे लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं और अब उन्हें राजधानी के प्रमुख वीआईपी इलाके में आवास मिला है। वहीं मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा को गर्दनीबाग स्थित डुप्लेक्स बंगला 13/20 दिया गया है। मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र को 12 हार्डिंग रोड स्थित आवास मिला है, जबकि मंत्री नंदकिशोर राम को 21 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है।
VIP बंगलों के आवंटन को लेकर तेज हुई राजनीतिक चर्चा
सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को 33 हार्डिंग रोड स्थित बंगला दिया गया है, जबकि मंत्री रामचंद्र प्रसाद को गर्दनीबाग स्थित डुप्लेक्स बंगला 10/20 आवंटित किया गया है। बिहार की नई सरकार में आवास आवंटन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पटना के वीआईपी इलाकों में स्थित सरकारी आवासों का आवंटन सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकार के भीतर नेताओं की स्थिति और राजनीतिक महत्व का संकेत भी माना जाता है। आने वाले दिनों में सभी मंत्री अपने नए आवासों से विभागीय कामकाज संभालते नजर आएंगे।
इसे भी पढ़ें - अब वो हमारे लिए मर चुकी है... प्रेम विवाह के बाद बेटी की निकाली गई अर्थी, श्मशान में किया पुतले का दाह संस्कार !