सम्राट चौधरी की पहली कैबिनेट मीटिंग आज, मुख्य सचिवालय में तैयारियों के दिए निर्देश
न्यूज 11 भारत बिहार डेस्क पटना - बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज बुधवार को शाम 6 बजे पहली कैबिनेट मीटिंग होनी है। मीटिंग मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष, पटना में आयोजित की जाएगी। सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक में सीएम सम्राट चौधरी सहित राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
बिहार सरकार ने मंत्रिपरिषद की बैठक को लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 (बुधवार) को शाम 06:00 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष, पटना में बैठक आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में सरकार के अपर सचिव (मंत्रिपरिषद) अभिलेष कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को पत्र भेजकर बैठक की सूचना दी है। साथ ही, बैठक को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश भी दिया गया है।
अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बैठक में मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के अन्य अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा सकता है।
कई विभागों को भेजी गई सूचना:
राजस्व परिषद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, पुलिस उपमहानिरीक्षक, सचिवालय के अधिकारी, विद्युत विभाग, भवन निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग समेत कई विभागों को बैठक की सूचना भेजी गई है।
तैयारियों को लेकर विशेष निर्देश
सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि बैठक के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, सचिवालय में बैठक के दौरान अधिकारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने और ‘समाहार कक्ष’ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और नीतिगत फैसलों पर चर्चा हो सकती है।
इसे भी पढ़ें - दरभंगा में संजय सरावगी का दावा: पश्चिम बंगाल में इस बार बनेगी बीजेपी की सरकार