प्रशांत किशोर की टीम में बड़ी दरार, जन सुराज के कई दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार की सियासत में जारी उठापटक के बीच चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। राजधानी पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित भव्य मिलन समारोह के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी नेताओं को पार्टी का तिरंगा पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखी गई।
ये नेता हुए शामिल
कांग्रेस में शामिल होने वालों में गोविंद आनंद, अमित आनंद, अभिराज सिंह, प्रशांत अभिषेक, शायक आलम और प्रोफेसर चंद्रिमा सिंह समेत कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कांग्रेस ने जताया भरोसा
इस अवसर पर राजेश राम ने कहा कि जन सुराज से आए ये ऊर्जावान और अनुभवी साथी कांग्रेस को नई ताकत देंगे। उन्होंने कहा कि यह जुड़ाव इस बात का संकेत है कि लोग राहुल गांधी के विजन और कांग्रेस की समावेशी विचारधारा पर भरोसा जता रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने में कांग्रेस ही सक्षम है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के साथ मिलकर बिहार में संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया कार्यक्रम में राजीव मेहता, पंकज यादव और डॉ. परवेज़ हसन सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस घटनाक्रम को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें - जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय पर शिकंजा, भू-माफिया कनेक्शन में वारंट जारी — गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरु