गढ़वा में सिविल सेवा दिवस पर गढ़वा सदर एसडीएम पहुंचे विस्थापित आदिम जनजाति परिवारों के बीच
अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार अपने साथ आधा दर्जन स्वास्थ्य कर्मियों की टीम लेकर गेरुआसोती के विस्थापित परहिया टोला में पहुंचे. यहां रह रहे 20 से अधिक आदिम जनजातीय परिवारों के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कराया, जिसमें 50 से अधिक सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की गई. उपायुक्त गढ़वा अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर एसडीएम के द्वारा की गई इस पहल से लगाए गए
इस विशेष मेडिकल कैंप में इन परिवारों के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की स्वास्थ्य जांच की गई.शिविर के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच ओआरएस, कैल्शियम टैबलेट, फोलिक एसिड, विटामिन की गोलियां, दर्द निवारक दवाएं, कफ सिरप एवं बुखार की दवाएं वितरित की गईं. कुछ लोगों ने दाद, खाज आदि का इलाज भी करवाया, उन्हें जरूरी दवाइयां भी दी गई. साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक टीकाकरण भी सुनिश्चित किया गया. किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श प्रदान किया गया. इस दौरान कई बुजुर्गों की स्वास्थ्य समस्याओं का निदान करने की कोशिश की गई.शिशुओं और किशोरियों में कुपोषण की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक दवाएं एवं पोषण संबंधी सलाह भी दी गई.
इस अवसर पर एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया कि वे नियमित अंतराल पर इस टोला में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करते रहें.
ग्राउंड जीरो पर लगाए गए इस विशेष स्वास्थ्य शिविर के दौरान एसडीएम के साथ मेराल प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार, आयुष चिकित्सक डॉक्टर विशाल भारद्वाज, गेरुआसोती के सीएचओ अभिषेक जायसवाल, गोबरदहा के सीएचओ अजय मिंज, पेशका की सीएचओ सीमा तिर्की, एएनएम मीना कुमारी आदि मौजूद थे.
जनजातीय परिवारों के लोग इस प्रशासनिक संवेदनशीलता से काफी खुश नजर आए.
संजय कुमार ने कहा कि उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल के नेतृत्व में जिले के सभी पदाधिकारी/ कर्मचारी अंतिम व्यक्ति तक सरकारी प्रावधानों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
यह भी पढ़ें: गढ़वा DC के निर्देश पर चलने वाली जनसुनवाई में गढ़वा AC ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, समाधान के दिए त्वरित निर्देश