झारखंड

किरीबुरू में बाइक दुर्घटना में युवक की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल

रोहन निषाद न्यूज़ 11भारत चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना वायरलेस ढलान के पास हुई. 

किरीबुरू घूमकर लौट रहे थे दोनों मृतक की पहचान आकाश बोबोंगा, निवासी बड़ानंदा, थाना जगन्नाथपुर के रूप में हुई है. वहीं घायल युवती राधि लागुरी 21 वर्ष, निवासी ऊईसिया, थाना जगन्नाथपुर बताई गई है. जानकारी के अनुसार आकाश और राधि मोटरसाइकिल से किरीबुरू घूमने आए थे और शाम को वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान वायरलेस ढलान के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. 

कार चालक ने पहुंचाया अस्पताल हादसे में आकाश बोबोंगा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. राधि लागुरी गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती की बहन बुधनी लागुरी ने बताया कि वे दो अलग-अलग बाइकों से किरीबुरू घूमने आए थे. हादसे के तुरंत बाद उसी मार्ग से गुजर रहे एक कार चालक ने मानवता दिखाते हुए दोनों को अपनी कार से सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया. स्थानीय लोगों ने कार चालक की तत्परता की सराहना की. 

युवती की हालत स्थिर सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक कार चालक घायलों को अस्पताल पहुंचा चुका था. सेल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एम. एस. दास ने बताया कि घायल राधि लागुरी का उपचार जारी है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है. 

पुलिस कर रही जांच किरीबुरू थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण मोटरसाइकिल का अनियंत्रित होना माना जा रहा है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर पहाड़ी और ढलान वाले मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को दर्शाता है.

यह भी पढ़ें: पति ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, पारिवारिक कलह बताया