मां की मामूली डांट से गुस्सा होकर 18 वर्षीय युवती

पलामू: माँ की डांट से आहत युवती ने खाया जहर,  इलाज के क्रम में मौत; गांव में पसरा मातम

न्यूज़11 भारत  पलामू/डेस्क: हैदरनगर थाना क्षेत्र के सरगड़ा गांव में एक छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद मातम में बदल गया. मां की मामूली डांट से गुस्सा होकर 18 वर्षीय युवती ने घर में रखा कीटनाशक गटक लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान कमलेश रजवार की पुत्री पूनम कुमारी के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, कल शुक्रवार की सुबह पूनम अपने छोटे भाई को खाना परोस रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर मां ने उसे फटकार लगा दी. मां की बात दिल पर लग जाने के कारण आहत पूनम ने आवेश में आकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया. जहर का असर होते ही युवती की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसे देख परिजन बदहवास हालत में उसे अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया. हालांकि, चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया.

घटना के बाद अस्पताल में तैनात पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक घटना से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा और शोक की लहर व्याप्त है.

इसे भी पढ़ें: श्रावणी मेला में बड़ी कार्रवाई! पेड़ा दुकान से 1060 किलो खोया सील, कई होटलों और दुकानों में मिला मिलावटी सामान