गावां में हाथी के हमले में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
संदीप बरनवाल/न्यूज11 भारत गावां/डेस्क: गावां प्रखंड के तारापुर गांव में जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल महिला सरो देवी पति स्व. जागो मुर्मू की गुरुवार को धनबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है. बताया जाता है कि 11 जुलाई की रात जंगली हाथियों के हमले में सरो देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. परिजनों ने उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें धनबाद भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. ग्रामीणों के अनुसार, सरो देवी के पति जागो मुर्मू का भी करीब दो-तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है. अब उनके पुत्र चारो मुर्मू के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है. घटना के बाद ग्रामीणों व परिजनों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी मुआवजा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक पर रोक लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए स्थायी एवं प्रभावी उपाय करने की भी मांग उठाई है.