जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रयास से चंदवा के अनाथ शुभम व शिवम को मिलेगी चार-चार हजार रुपये मासिक सहायता
राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
चंदवा/डेस्क: जिला बाल संरक्षण इकाई, लातेहार के प्रयास से चंदवा सरोज नगर निवासी संजय कुमार के दोनों अनाथ दो बच्चों को अब सरकारी योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलेगी. रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस के 23 फरवरी को सिमरिया में दुर्घटनाग्रस्त होने से अपने माता-पिता को खो चुके शुभम कुमार (15 वर्ष) और शिवम कुमार (12 वर्ष) को मिशन वात्सल्य स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत प्रतिमाह चार-चार हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. यह राशि दोनों बच्चों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक प्रदान की जाएगी.
इस संबंध में जिला बाल संरक्षण इकाई, लातेहार की टीम द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. टीम में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रीना कुमारी, सदस्य कुंदन गोप, गैर संस्थागत देखरेख पदाधिकारी विकास केसरी, पीएलवी राजेश प्रसाद तथा अनुज कुमार शामिल हैं. जल्द ही दोनों बच्चों को सहायता राशि मिलनी शुरू हो जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई और पालन-पोषण में काफी सहूलियत होगी. जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम मंगलवार को पीड़ित परिवार के घर भी पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि दोनों बच्चों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके.
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को सिमरिया में हुई एयर एंबुलेंस दुर्घटना में संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, मृतक का भगिना सहित दो चालक दल के सदस्य, एक चिकित्सक और एक चिकित्सा कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें: मंडल कारा चास का डीसी - एसपी की देख रेख में चली छापेमारी, जांच के दौरान नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान