थाना क्षेत्र के लाधुप पंचायत अंतर्गत ग्राम बैलगड़ा

चंदवा के जमीरा व लाधुप में जंगली हाथियों का आतंक, तीन घर गिराए, अनाज चट किया

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत चंदवा/डेस्क: थाना क्षेत्र के लाधुप पंचायत अंतर्गत ग्राम बैलगड़ा और जमीरा पंचायत के तुपी गांव में जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला. बीते मध्य रात्रि हाथियों ने तीन घरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, बैलगड़ा गांव निवासी निरंजन लोहरा (पिता साजन लोहरा) का घर हाथी ने पूरी तरह तोड़ डाला.  घर में रखा करीब 5 क्विंटल धान, साढ़े तीन क्विंटल महुआ और एक क्विंटल चावल हाथी ने खा लिया, जबकि कुछ अनाज बर्बाद कर दिया. वहीं तुपी गांव में भोला गंझु (पिता मंगरा गंझु) और कैला गंझु (पिता सुकरा गंझु) के घर को भी हाथियों ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. यहां भी घर में रखा करीब तीन क्विंटल चावल हाथी चट कर गए. घटना के समय घर में सो रहे लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई.  अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में भय व्याप्त है. भुक्तभोगियों के सामने बरसात के इस मौसम में रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. जमीरा पंचायत की मुखिया दुर्गावती देवी, लाधुप मुखिया विफई मुंडा, लाधुप पंसस बुधन गंझु ने वन विभाग अविलंब मुआवजा देने की मांग की है वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अविलंब मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही वन विभाग से हाथियों के आतंक पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है.