चंदनकियारी के विश्वनाथ महतो की तमिलनाडु में रेल हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी प्रखंड के तेतुलिया गांव निवासी सीताराम महतो के 43 वर्षीय पुत्र विश्वनाथ महतो की तमिलनाडु के विल्लुपुरम में रेल हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ महतो शुक्रवार को पड़ोसी गांव के कुछ युवकों के साथ मजदूरी की तलाश में ट्रेन से तमिलनाडु जा रहे थे. रविवार सुबह जैसे ही ट्रेन विल्लुपुरम स्टेशन से खुली, उसी दौरान वह गेट के पास खड़े थे. अचानक संतुलन बिगड़ने से वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके दो नाबालिग बच्चे हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं.
इधर, गांव के ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए चंदा इकट्ठा किया है और शव को घर लाने के लिए घटनास्थल की ओर प्रस्थान किया है. गांव में शोक की लहर व्याप्त है.
यह भी पढ़ें: होली को लेकर चंदनकियारी थाने और भोजुडीह में शांति समिति की बैठक, डीजे व अश्लील गीतों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध