पिपरवार भूमिगत खदान के कोयला उत्पादन व डिस्पैच को

पिपरवार के कनौदा गांव के ग्रामीणों ने पिपरवार जीएम को सौंपा ज्ञापन

मुमताज अहमद/न्यूज11  भारत 

खलारी/डेस्क:  पिपरवार : पिपरवार क्षेत्र के बहेरा पंचायत के ग्राम कनौदा के स्थानीय विस्थापित एवं बेरोजगार ग्रामीणों ने पिपरवार भूमिगत खदान से होने वाले कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच को ग्राम कनौदा में प्रस्तावित रोड सेल कोल डंप के माध्यम से संचालित करने की मांग को लेकर महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्थानीय ग्रामीणों ने इस व्यवस्था से क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होने तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की बात कही।आरसीएमयू पिपरवार क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं कांग्रेस पार्टी के चतरा जिला उपाध्यक्ष कासिम उर्फ मुन्ना के नेतृत्व में स्थानीय विस्थापित ग्रामीणों ने महाप्रबंधक को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि पिपरवार क्षेत्र के अंतर्गत संचालित भूमिगत खदान में पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध है। इस खदान के संचालन से क्षेत्र के विकास की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। यदि यहां से होने वाले कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच को रोड सेल के माध्यम से संचालित किया जाता है तो इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान समय में स्थानीय युवाओं के समक्ष बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बनी हुई है।खदान क्षेत्र के निकट रहने के बावजूद स्थानीय लोग प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसरों से वंचित हैं। ऐसे में यदि सीसीएल प्रबंधन द्वारा ग्राम कनौदा में नया कांटा का निर्माण कर रोड सेल के माध्यम से कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच की अनुमति प्रदान की जाती है तो इससे स्थानीय ट्रांसपोर्टरों,वाहन चालकों, मजदूरों तथा आसपास के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रोड सेल के माध्यम से कोयला बिक्री होने से न केवल सीसीएल प्रबंधन को राजस्व की प्राप्ति होगी, बल्कि स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों के आर्थिक उत्थान का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत होगी।ग्रामीणों ने आश्वस्त किया कि वे इस व्यवस्था को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित करने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।उन्होंने महाप्रबंधक से जनहित एवं रोजगार की इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पिपरवार भूमिगत खदान से कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच को कनौदा में रोड सेल के माध्यम से प्रारंभ करने की मांग की है।ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी होती है तो इससे स्थानीय विस्थापित एवं बेरोजगार ग्रामीणों को सम्मानजनक रोजगार प्राप्त होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी मांग पर सकारात्मक पहल किए जाने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि इस निर्णय से प्रबंधन एवं स्थानीय ग्रामीणो के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

यह भी पढ़ें: सूने घर का ताला तोड़ लाखों के गहने व नकदी की चोरी, पुलिस जांच में जुटी